
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बिजली, खाद व सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर किसानों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए
नहरों में जल प्रवाह सुनिश्चित करने, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और खाद आपूर्ति तत्काल करने के आदेश
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
सिंचाई बंधु की बैठकें नियमित कराने और सहकारी समिति भवन निर्माण के प्रस्ताव भेजने के निर्देश
रायबरेली/लखनऊ: विशाल समाचार संवाददाता
प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली जनपद में बिजली, खाद व सिंचाई विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा बैठक कर किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि नहरों में जल प्रवाह सुनिश्चित किया जाए, विशेष रूप से खजूरगांव, सरेनी, पुरवा और लालगंज जैसी डार्क जोन की नहरों को हर स्थिति में चालू रखा जाए ताकि भूजल स्तर में सुधार हो सके। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं फील्ड का निरीक्षण कर वीडियो क्लिप प्रस्तुत करें।
बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को फील्ड व सबस्टेशन का दौरा कर जनता की समस्याओं को सुनने और तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद आपूर्ति को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मंत्री जी ने कहा कि हसनापुर, सरेनी व हरचंदपुर जैसे स्थानों पर जहां भंडारण की सुविधा नहीं है, वहां वैकल्पिक स्थल चयनित किए जाएं और कल दोपहर तक हर हाल में किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाए। सचिव स्तर के जिन अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सिंचाई बंधु की बैठकें नियमित रूप से कराई जाएं, जिसमें किसानों की भागीदारी सुनिश्चित हो और उनके सुझावों पर तत्काल कार्यवाही हो। सरेनी में साधन सहकारी समिति न होने के कारण कल से ब्लॉक परिसर में तथा हरचंदपुर में जलभराव की स्थिति के कारण जिला पंचायत अतिथि गृह में खाद वितरण किया जाएगा। हसनापुर में भी कल से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
विद्युत विभाग से परावर्तकों की क्षमता वृद्धि एवं अन्य बजट आवश्यकताओं के प्रस्ताव मांगे गए हैं, जिन्हें शीघ्र शासन को भेजा जाएगा। जहां सहकारी समिति के भवन निष्प्रयोज्य हैं या उपलब्ध नहीं हैं, वहां भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर शासन से धनराशि प्राप्त की जाएगी।
गदागंज कस्बे के विवेकानंद विद्यालय के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के निर्देश दिए गए हैं तथा खीरों ब्लॉक की ग्राम सभा में खराब पानी की टंकी को जल्द मरम्मत कराने के आदेश दिए गए हैं। आगामी तीन दिनों में सभी अधिकारी सक्रियता से कार्य करें और परिणामस्वरूप जनता को परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे।



