
चंदन मिश्रा हत्याकांड: पांच शूटर्स की पहचान, मुख्य शूटर तौसीफ ‘बादशाह’ पुलिस की रडार पर
कुणाल किशोर संवाददाता
बिहार: पटना के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में हुई बहुचर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच में शामिल पुलिस सूत्रों के अनुसार इस शूटआउट में कुल पांच शूटरों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी पहचान कर ली गई है। इन पांचों में मुख्य भूमिका निभाने वाला अपराधी तौसीफ उर्फ ‘बादशाह’ बताया जा रहा है।
घटनास्थल पर तौसीफ को सफेद प्रिंटेड शर्ट और नीली जींस में, बिना टोपी के सबसे आगे देखा गया था। वह वारदात के दौरान हथियार लहराता हुआ नजर आया और गोली चलाने में सबसे आक्रामक था।
तौसीफ पटना के सेंट कैरेन्स स्कूल का पढ़ा-लिखा है और वर्तमान में फुलवारी शरीफ क्षेत्र में जमीन के कारोबार से जुड़ा है। वह खुद को ‘बादशाह’ नाम से पहचानता है और सूत्रों के अनुसार उसका गैंग सुपारी लेकर हत्या करने के लिए कुख्यात है। प्राथमिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि चंदन मिश्रा की हत्या भी सुपारी किलिंग का हिस्सा हो सकती है।
तौसीफ के अलावा उसके चार अन्य साथियों की पहचान भी पुलिस ने कर ली है, हालांकि उनके नाम आधिकारिक रूप से अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। पटना पुलिस की कई टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
फुलवारी शरीफ क्षेत्र से कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, और डिजिटल लोकेशन डेटा के आधार पर आगे की कार्यवाही तेज कर दी गई है।

