ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची के विस्तृत पुनरीक्षण की प्रक्रिया 14 अगस्त से प्रारंभ – नागरिकों से सहयोग की अपील
इटावा ब्यूरो विशाल समाचार,: निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी / अपर जिलाधिकारी (वि/रा), इटावा ने अवगत कराया है कि ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नामावली के विस्तृत पुनरीक्षण का कार्य 14 अगस्त 2025 से प्रारंभ किया जा रहा है। इस अवधि में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाता सूची में नामों के परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित कार्य करेंगे।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके सभी अर्ह भारतीय नागरिक, जो ग्राम पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास करते हैं, अपने नाम निर्वाचक नामावली में जुड़वाने के लिए पात्र होंगे, बशर्ते वे किसी विधिक कारण से अनर्ह न हों।
निर्वाचक अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने व अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों के नामों की पुष्टि अवश्य कर लें। यदि नाम दर्ज नहीं हैं, या किसी प्रकार का संशोधन या विलोपन आवश्यक है, तो घर पर आने वाले बीएलओ को पूर्ण जानकारी अवश्य दें। बीएलओ को बिना जानकारी दिए लौटाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर सकता है।
यदि 14 अगस्त से 29 सितम्बर 2025 के बीच किसी ग्राम पंचायत में बीएलओ नहीं पहुंचता है, या कोई अन्य शिकायत हो, तो संबंधित नागरिक जिला निर्वाचन कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी या जिला मजिस्ट्रेट से संपर्क कर सकते हैं।
त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है – इसमें हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है।


