इटावा में पंचायत उन्नयन सूचकांक (PAI) पर जनपद स्तरीय कार्यशाला आयोजित
विधायक, जिलाधिकारी व मंडलीय अधिकारियों की उपस्थिति में मॉडल ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (R.G.S.A.) के अंतर्गत पंचायत उन्नयन सूचकांक (Panchayat Advancement Index – PAI) को लेकर एक दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन विकास भवन के नवीन सभागार में जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सदर विधायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी, उप निदेशक (पंचायतीराज) महोदया, कानपुर मंडल, एवं जिला पंचायत राज अधिकारी इटावा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में मॉडल ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष/प्रतिनिधि, खंड विकास अधिकारीगण, पंचायत सचिवगण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के जिला व मंडलीय सलाहकार, डी.पी.आर.सी. फर्रुखाबाद के प्रशिक्षकगण तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना के अंतर्गत निर्धारित 09 प्रमुख विषयों (थीम्स) की जानकारी दी गई। पंचायत उन्नयन सूचकांक के डाटा पॉइंट्स को ग्राम पंचायत पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया भी विस्तारपूर्वक समझाई गई।
मंडलीय कंसलटेंट द्वारा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम स्तर पर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन जैसे – सोखता गड्ढा, कंपोस्ट पिट, लीच पिट, नाडेप पद्धति आदि के निर्माण व उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला में सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान व मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की गई। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्रतिभागियों को एक पेन, नोटपैड, कार्यशाला की समय सारिणी व जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) से संबंधित दस्तावेजों का एक फोल्डर भी वितरित किया गया।


