
फाइलेरिया ग्रसित रोगियों के लिए MMDP क्लीनिक का उद्घाटन, योग से दी स्वस्थ जीवनशैली की सीख
रिपोर्ट विकेश कुमार पुर्वे सीतामढ़ी
सीतामढ़ी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखण्ड के मिस्रौलिया पंचायत स्थित APHC (अत्यंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) में फाइलेरिया ग्रसित मरीजों के लिए विशेष योग सत्र एवं MMDP (Morbidity Management and Disability Prevention) क्लीनिक का उद्घाटन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में फाइलेरिया प्रभावित रोगियों को योग का प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय मुखिया आरती कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, जिला VBD नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. आर. के. यादव, और पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक श्री प्रभाकर कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
मुखिया आरती कुमारी ने कहा कि योग हमारे जीवन में अत्यंत उपयोगी है और फाइलेरिया जैसी बीमारियों से लड़ने के लिए यह एक प्रभावी माध्यम बन सकता है।
सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार ने योग को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए बताया कि इससे डायबिटीज, रक्तचाप और मानसिक रोग जैसी बीमारियों से बचाव संभव है।
डॉ. आर. के. यादव, जिला VBD नियंत्रण पदाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, परंतु योग के माध्यम से इसकी गंभीरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
श्री प्रभाकर कुमार, पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक ने कहा कि योग न केवल उपचार का माध्यम है, बल्कि यह जीवन में सकारात्मकता और ऊर्जा भी भरता है।
कार्यक्रम में फाइलेरिया ग्रसित मरीजों को विशेष योग आसनों व प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई और योग के लाभों पर चर्चा भी की गई।
इस अवसर पर 26 फाइलेरिया ग्रसित मरीजों को MMDP किट वितरित की गई, और 3 मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करते हुए पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, जीविका, पंचायत प्रतिनिधि और समुदाय के लोगों की व्यापक भागीदारी रही। उपस्थित प्रमुख जनों में VDCO प्रिंस कुमार, पवन कुमार, VBDS राकेश कुमार व नवीन कुमार, कमलेश कुमार, राजू जी, पीरामल फाउंडेशन से PO-CD विक्रम कुमार, पंचायत की आशा, ANM, CHO कमलेश कुमार, डुमरा PHC की BHM अनुपमा कुमारी, और BCM सुजीत कुमार प्रमुख रहे।
यह कार्यक्रम न केवल फाइलेरिया मरीजों के लिए लाभकारी सिद्ध हुआ, बल्कि समाज में योग के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ



