लोकतंत्र के प्रति आस्था व विश्वास बनाये रखें – विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम
जिला पंचायत रीवा की सामान्य सभा की बैठक में
मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे विधानसभा अध्यक्ष
रीवा(MP):प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम आज रीवा जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। सामान्य सभा की बैठक पहली बार जिला पंचायत मुख्यालय से बाहर नईगढ़ी जनपद पंचायत के सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभय मिश्रा, त्योंथर विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी सहित सदस्यगण व अधिकारी उपस्थित रहे।
सामान्य सभा की बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रीवा जिला पंचायत ने अभिनव प्रयोग करते हुए पहली बार जिला मुख्यालय से बाहर सामान्य सभा की बैठक का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार जनपद मुख्यालय में बैठकों के आयोजन से क्षेत्र के बहुत से कार्य स्वयं हो जाते हैं साथ ही व्यवस्थायें भी दुरूस्त हो जाती है। श्री गौतम ने नईगढ़ी क्षेत्र में बैठक आयोजन के लिये बधाई देते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में यह आयोजन हुआ अत: वह सबका स्वागत करते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतंत्र के प्रति आस्था व विश्वास बनाये रखने का दायित्व सभी का है। जनप्रतिनिधि जिस सदन में कार्य करें वहां पूर्ण निष्ठा के साथ दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें। अपना चरित्र व कार्य व्यवहार ऐसा रखे जिससे लोगों का विश्वास हो। उन्होंने अपेक्षा की कि गुणवत्तापूर्ण कार्य कराये जायेंगे साथ ही अधिकारियों से समन्वय बनाकर विकास के कार्यों का लोगों को फायदा मिलेगा। श्री गौतम ने कहा कि कुछ आवश्यक कार्य गांव के लोग जनभागीदारी से भी करायें। उन्होंने जिला पंचायत सदस्यों को आगामी विधानसभा सत्र के दौरान कार्यवाही दिखाये जाने हेतु आमंत्रित भी किया। विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक में बिना कारण अनुपस्थित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में अपने उद्बोधन में त्योंथर विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी ने जिला पंचायत के इस अभिनव प्रयोग के लिये बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकों से संबंधित क्षेत्र के लोगों की भी सहभागिता हो जाती है जिससे कार्यों के निराकरण में सहूलियतें होती है। इससे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभय मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि गत बैठक में जो प्रस्ताव आये थे उनका पूर्णत: पालन कराया जा चुका है। उन्होंने बैठक में एमडीएम अन्तर्गत निर्मित किये जाने वाली माँ की बगिया के कार्यों व कैच द रैन के तहत वर्षा के पानी के संरक्षण के संबंध में चर्चा की। सामान्य सभा की बैठक में त्योंथर विधायक को जन्म दिवस पर बधाई दी गयी। बैठक में विभिन्न एजेण्डा बिन्दुओं पर चर्चा भी हुई तथा सदस्यों ने प्रस्ताव रखे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत स्वप्निल वानखेड़े ने आभार प्रदर्शित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने नईगढ़ी जनपद परिषद में वृक्षारोपण किया तथा पांच लाख रूपये लागत से बनने वाले जलपान गृह निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। इस दौरान विभिन्न जनपदों के अध्यक्ष, जिला पंचायत के सदस्य तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

