मध्य प्रदेशरीवा

विधानसभा अध्यक्ष का अधिवक्ता संघ मऊगंज द्वारा किया गया अभिनंदन

विधानसभा अध्यक्ष का अधिवक्ता संघ मऊगंज द्वारा किया गया अभिनंदन

रीवा (MP): विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम का मऊगंज न्यायालय परिसर में अधिवक्ता संघ द्वारा अभिनंदन किया गया। अभिनंदन समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए श्री गौतम ने कहा कि अधिवक्ताओं को जनता का विश्वास कायम रखना होगा। अधिवक्ता अध्ययनशील बनें तथा नवीनतम नियमों व कानून का पूरा ज्ञान रखें ताकि आमजन को न्याय दिलाने में बेहतर ढंग से कार्य कर सकें।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि समाज की स्वीकार्यता ही न्याय है। समाज जबावदेह बनाता है अत: अपने पक्षकार के प्रति कर्तव्य का पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य कर उसे न्याय दिलाने में अपनी शत-प्रतिशत जिम्मेदारी निभायें। उन्होंने आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं की सभी मांगों को शासन स्तर से निराकृत कराने के हर संभव प्रयास किये जायेंगे।

कार्यक्रम के अध्यक्ष अधिवक्ता श्री शिवेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष कानून विद हैं। उनके मार्गदर्शन में जनोपयोगी कानून बनेंगे तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान पूर्वक निराकरण भी होगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता श्री अखण्ड प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य अधिवक्ता संघ वकीलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता का प्रावधान रखे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम द्वारा अधिवक्ताओं की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री जी द्वारा निराकरण कराने की पहल सार्थक होगी।

इस दौरान अधिवक्ताओं ने मांग पत्र विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा। कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ मऊगंज के अध्यक्ष संतोष मिश्रा, हनुमना के अध्यक्ष रामरक्षा शुक्ल, भैयालाल शर्मा, कुंवर बहादुर सिंह, नईगढ़ी, हनुमना व मऊगंज के अधिवक्तागण, एसडीएम एपी द्विवेदी उपस्थित रहे। इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने न्यायालय परिसर के मंदिर में पूजा अर्चना की तथा परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने इस दौरान आमजनों की समस्यायें भी सुनीं तथा अधिकारियों को निराकृत करने के निर्देश दिये।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button