जिलाधिकारी ने किया खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान के छठे चरण का शुभारंभ
घर-घर जाकर होगा निःशुल्क टीकाकरण, शत-प्रतिशत कवरेज का लक्ष्य
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका रोग निःशुल्क टीकाकरण अभियान के छठे चरण का शुभारंभ आज इटावा के जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह अभियान 23 जुलाई से 25 सितम्बर 2025 तक संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी विकास खंडों में 25-25 टीमों के माध्यम से घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। इस प्रक्रिया में पशुपालकों को आधार नंबर देना होगा, जिसके बाद उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा जिसे संबंधित टीम को देने के उपरांत डाटा फीडिंग की जाएगी।
टीकाकरण विशेष रूप से चार माह से ऊपर के बछड़ों एवं सात माह से कम गर्भित मादा पशुओं में किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक गंभीर विषाणुजनित रोग है, जिससे पशुओं के मुंह में छाले और खुरों में संक्रमण हो जाता है, जिससे तेज बुखार के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन में भारी गिरावट आती है। यह रोग पशुपालकों के आर्थिक नुकसान का कारण बनता है।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि पशुपालकों को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे कंट्रोल रूम नंबर 7579445981 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा निकटतम पशु चिकित्सालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय कुमार गौतम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


