
इटावा: विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए स्पष्ट निर्देश – वृक्षारोपण से लेकर विद्यालयों तक रहेगा विशेष फोकस
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा: कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), स्वच्छ भारत मिशन 2.0, गौशालाएं, वृक्षारोपण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर, डीसीएनआरएलएम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, निपुण भारत अभियान, सांसद निधि सहित विभिन्न विकास योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वृक्षारोपण के पश्चात प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए तथा ग्राम पंचायतों में रोपित पौधों का संरक्षण गंभीरता से कराया जाए। उन्होंने ग्रीन चौपाल की नई प्रणाली को लागू करने की जानकारी देते हुए बताया कि इससे जमीनी स्तर पर जनजागरूकता बढ़ेगी। विशेष रूप से “सहजन भंडारा” अभियान के अंतर्गत जनपदभर में सहजन का व्यापक पौधरोपण कराया जाएगा, साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी सहजन पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।
डीएम ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने हेतु रोपित पौधों के साथ सेल्फी लेकर एप पर अपलोड करने की अपील की। गौशालाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने छाया, साफ-सफाई, जलभराव रोकथाम और बैरिकेटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। काँधनी, चकरनगर और मुर्चा गौशालाओं की अवस्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यों हेतु निर्देशित किया गया।
रेटरोफिटिंग के अंतर्गत शौचालयों की मरम्मत और वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित करने के लिए चिन्हित ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण शुरू कराने पर बल दिया गया। पंचायत भवन, डिजिटल लाइब्रेरी और अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही गई।
शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जर्जर विद्यालय भवनों को तत्काल ध्वस्त किया जाए और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर बैठाया जाए। उन्होंने बाल वाटिका निर्माण, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय स्वच्छता, यू-डाइस अपडेट और अवैध विद्यालयों को बंद कराने के निर्देश भी दिए। निपुण भारत अभियान के तहत एप प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने को कहा गया। साथ ही, 15 अगस्त के लिए बच्चों की तैयारियों और विद्यालयों के निरीक्षण की शुरुआत के निर्देश दिए।
मनरेगा कार्यों के अंतर्गत अन्नपूर्णा भवन व सघन वन योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। पीएम सूर्य घर योजना की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि लक्ष्य को पूर्ण कर जनपद ने टॉप परफॉर्मिंग स्थान प्राप्त किया है, और इसके प्रचार हेतु कैंप लगाए जाने के निर्देश दिए।
दिव्यांगजन अधिकारियों को सांसद निधि के अंतर्गत सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, पशु चिकित्साधिकारी मनोज कुमार, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, परियोजना अधिकारी विजय शंकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



