श्रावण मास में कांवर यात्रा को लेकर इटावा में यातायात डायवर्जन, 20 और 21 जुलाई को भारी वाहनों पर रोक
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा, श्रावण मास के अवसर पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कांवड लेकर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर इटावा जिला प्रशासन ने विशेष यातायात योजना लागू की है। रविवार 20 जुलाई सुबह 8 बजे से लेकर सोमवार 21 जुलाई शाम 8 बजे तक जिले में कई मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और वैकल्पिक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कांवड यात्री फतेहगढ़ के श्रंगीरामपुर से गंगाजल भरकर इटावा जनपद में थाना ऊसराहार, कर्री पुलिया, थाना चौबिया, भरथना चौराहा, गुरु तेग बहादुर ब्रिज, साबितगंज, तहसील चौराहा, बल्देव चौराहा, राजागंज, पचराहा, छैराहा और टीटी तिराहा होते हुए अपने गंतव्यों की ओर बढ़ते हैं। अधिकतर कांवरिए मध्यप्रदेश के भिंड क्षेत्र से होते हैं, जो बल्देव चौराहा से रामगंज, पचराहा, टीटी तिराहा होते हुए उदी चौराहा व चंबल पुल पार कर आगे बढ़ते हैं। कुछ कांवरिए आगरा की ओर भी जाते हैं, जो उदी चौराहा से दाहिने मुड़कर थाना बढ़पुरा, पछायगांव, चित्राहाट होते हुए आगरा सीमा में प्रवेश करते हैं।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन व्यवस्था:
1. फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन करी पुलिया से सैफई हवाई पट्टी होते हुए आईटीआई चौराहा (NH-2) के रास्ते जाएंगे।
2. इकदिल से फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन आईटीआई चौराहा, सैफई हवाई पट्टी, करों पुलिया होकर आगे बढ़ेंगे।
3. बस स्टैंड से फर्रुखाबाद जाने वाली रोडवेज बसें चौधरी पेट्रोल पंप, एसएसपी चौराहा, आईटीआई चौराहा, सैफई हवाई पट्टी व करी पुलिया से होकर जाएंगी।
4. मानिकपुर मोड़ से फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन पक्का बाग अंडर ब्रिज से दाहिने मुड़कर बकेवर, भरथना से गुजरेंगे।
5. लुहन्ना चौराहा से यमुना ब्रिज की ओर जाने वाले भारी वाहन सांई धर्मकांटा, सराय भूपत होकर गंतव्य की ओर जाएंगे।
6. चकरनगर से उदी मोड़ की ओर जाने वाले वाहन NH-2 मार्ग से होते हुए बकेवर के रास्ते प्रस्थान करेंगे।
शहर क्षेत्र में ऑटो व ई-रिक्शा के लिए डायवर्जन:
काजी पंप से साबितगंज की ओर ऑटो व ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
नौरंगाबाद चौराहा से साबितगंज की ओर भी यही प्रतिबंध लागू रहेगा।
राजागंज से बल्देव चौराहा की ओर ऑटो/ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे।
रामगंज चौराहा से तहसील चौराहा व साबितगंज की ओर भी ई-रिक्शा पर रोक रहेगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और कांवड़ यात्रा की पवित्रता व सुरक्षा में सहयोग करें।


