हर पात्र व्यक्तियों के नाम ग्रामीण आवास की सर्वे सूची में शामिल करें – कलेक्टर
मऊगंज ब्यूरो विशाल समाचार. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर कुमार संजय जैन ने ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का नाम शामिल करने के लिए सर्वे किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सर्वे सूची में अनिवार्य रूप से शामिल करें। योजना से स्वीकृत शेष बचे आवासों का निर्माण कार्य दो माह में अनिवार्य रूप से पूरा करें। आवास निर्माण की राशि प्राप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न करने वाले हितग्राहियों के विरूद्ध राशि वसूली की कार्यवाही करें। कार्यपालन यंत्री और उपयंत्री क्षेत्र का नियमित रूप से भ्रमण करके निर्माण कार्यों की प्रगति की मानीटरिंग करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आवास प्लस योजना से 12893 आवास मंजूर किए गए हैं। इनमें से केवल 649 पूरे हुए हैं। शेष हितग्राहियों को समय पर दूसरी और तीसरी किश्त जारी कराकर दो माह में आवासों का निर्माण पूरा कराएं। समग्र पोर्टल में अभी भी 26 हजार 361 हितग्राहियों का ई केवाईसी अपडेशन शेष है। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर ई केवाईसी अपडेट कराएं। वनाधिकार अधिनियम के तहत 221 हितग्राहियों को पट्टे दिए गए हैं। इन्हें शासन की अन्य योजनाओं का भी पूरा लाभ दें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने मनरेगा योजना की प्रगति, एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण की तैयारियों तथा नलजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में परियोजना अधिकारी आवास, परियोजना अधिकारी मनरेगा तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

