जनसुनवाई में 136 आवेदकों के आवेदनों में की गई सुनवाई
ब्यूरो विशाल समाचार रीवा
रीवा. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आमजनता के आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा ने आमजनता के 136 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी जनसुनवाई के आवेदन पत्रों का संवेदनशीलता से निराकरण करके सात दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। आवेदक को भी आवेदन पत्र में की गई कार्यवाही से अवगत कराएं। जनसुनवाई में गोलू बसदेवा निवासी नगर परिषद बैकुंठपुर ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने के लिए भूमि आवंटन का आवेदन दिया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नायब तहसीलदार बैकुंठपुर को प्रकरण में कार्यवाही के निर्देश दिए। शिवम मिश्रा निवासी ग्राम देवरी जिला सतना ने विन्ध्य टेलीलिंक्स लिमिटेड कंपनी में कार्यरत उनके पिता गोकरण प्रसाद मिश्रा की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति देने तथा अन्य हितलाभ प्रदान करने के लिए आवेदन दिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिला श्रम पदाधिकारी को आवेदन का निराकरण करने के निर्देश दिए। मुन्नीलाल यादव निवासी ग्राम दुआरी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए आवेदन दिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने तहसीलदार त्योंथर को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम पुरैना के 20 से अधिक निवासियों ने नलजल योजना का कार्य पूरा कराकर घरों में नल से पानी की आपूर्ति के लिए आवेदन दिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिला प्रबंधक जल निगम को आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे
।

