सीतामढ़ी

सीतामढ़ी में जिला समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन का निर्देश

सीतामढ़ी में जिला समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन का निर्देश

ब्यूरो विशाल समाचार सीतामढ़ी 

सीतामढ़ी, समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री रिची पांडे की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए।

 

स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम को डेंगू नियंत्रण के लिए सघन प्रयास करने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। लघु जल संसाधन विभाग को बंद नलकूपों को शीघ्र चालू कराने का निर्देश देते हुए बताया गया कि कुल 318 में से 239 नलकूप चालू अवस्था में हैं।

 

डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत प्राप्त सड़क निर्माण संबंधी आवेदनों को शीघ्र संकलित कर आरडब्ल्यूडी को अग्रसारित करने की हिदायत दी गई। पुल निर्माण निगम लिमिटेड को शहर में निर्माणाधीन आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) का कार्य तेज़ी से पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया।

 

शिक्षा विभाग को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों की रैंकिंग विभिन्न मानकों के आधार पर करने और मध्यान्ह भोजन योजना की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। उत्पाद अधीक्षक को ड्रंकन ड्राइव के विरुद्ध अभियान चलाने, लगातार छापेमारी करने और बॉर्डर क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश मिला।

 

भवन निर्माण विभाग को सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की हिदायत दी गई। इसके अतिरिक्त डीआरसीसी, ब्रेडा, बुडको, एनएच, आरसीडी, आर शेट्टी, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा की गई एवं संचालित योजनाओं को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में डीपीआरओ श्री कमल सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरीय एवं तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button