
ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रदर्शनी पंडाल में भव्य रूप से आयोजित
“करे योग, रहे निरोग” बना कार्यक्रम का मूल संदेश
इटावा :विशाल समाचार संवाददाता
ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज इटावा के प्रदर्शनी पंडाल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक माननीय श्रीमती सरिता भदौरिया रहीं, जबकि अध्यक्षता नोडल अधिकारी एवं राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश श्री भानुचंद्र गोस्वामी (आईएएस) ने की।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि “योग केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि यह हमारे मन को भी शांति प्रदान करता है। योग से ही स्वस्थ शरीर और स्वस्थ आत्मा का निर्माण होता है। आज पूरा विश्व भारत की इस प्राचीन परंपरा को अपना रहा है, यह गर्व की बात है।” उन्होंने आगे कहा कि “योग हमारी सभ्यता और संस्कृति का अहम हिस्सा रहा है। जब हम इससे दूर हुए तो बीमारियों ने हमें घेर लिया, लेकिन अब फिर से हमें योग की ओर लौटना होगा।”

उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मंच पर योग को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “योग से ही समाज स्वस्थ होगा और जब समाज स्वस्थ होगा तो देश भी मजबूत बनेगा। मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए योग को अपनाना समय की आवश्यकता है।”
कार्यक्रम का संयोजन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक विभाग द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधिगण सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराते हुए “करे योग, रहे निरोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया गया।


