सीतामढ़ी

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर सीतामढ़ी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन — “वन अर्थ, वन हेल्थ” थीम पर होगा आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर सीतामढ़ी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन “वन अर्थ, वन हेल्थ” थीम पर होगा आयोजन

 

सीतामढ़ी, कुणाल किशोर 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी सीतामढ़ी द्वारा दिए गए निर्देशानुसार जिले के सभी वार्ड, पंचायत, प्रखंड, अनुमंडल तथा जिला मुख्यालय स्तर पर योग दिवस से संबंधित विविध गतिविधियाँ आयोजित होंगी।

इस क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से सभी स्कूलों में योग, वाद-विवाद, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जिले के शेल्टर होम, बाल सुधार गृह, पंचायत सरकार भवनों तथा जेलों में भी विशेष योग सत्र आयोजित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

कल्याण विभाग द्वारा सभी विकास मित्रों को अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया है। वे महादलित टोलों में जाकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करेंगे। पंचायत राज विभाग को निर्देशित किया गया है कि त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से “योग दिवस / योग संवाद” जैसे आयोजनों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने का निर्देश जारी किया है। साथ ही जीविका, मनरेगा एवं आईसीडीएस से जुड़े कर्मियों को भी कार्यक्रमों में सहयोग करने हेतु निर्देशित किया गया है।

सैनिटेशन पार्क में होगा “स्वस्थ नागरिक, सजग मतदाता” कार्यक्रम

इसी अवसर पर समाहरणालय स्थित सैनिटेशन पार्क में एक विशेष योग सत्र के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। “फिट इंडिया, वोट इंडिया”, “योग से जीवन, मतदान से लोकतंत्र” और “स्वस्थ नागरिक, सजग मतदाता” जैसी थीम पर आधारित यह कार्यक्रम जिला प्रशासन द्वारा स्वीप (SVEEP) अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, बल्कि नागरिकों में मतदान के महत्व को भी रेखांकित करना है।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम — “वन अर्थ, वन हेल्थ” (One Earth, One Health) के अनुरूप, जिले में हर वर्ग, हर समुदाय तक योग व स्वास्थ्य का संदेश पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button