
स्टेशनरी, कटलरी एंड जनरल मर्चेंट्स एसोसिएशन की ओर से पुरस्कार घोषित
व्यापारी एकता दिवस के उपलक्ष्य में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन; राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की प्रमुख उपस्थिति
पुणे : स्टेशनरी, कटलरी एंड जनरल मर्चेंट्स एसोसिएशन द्वारा व्यापारी एकता दिवस के उपलक्ष्य में व्यापार क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों को सम्मानित करने हेतु एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया है। यह समारोह सोमवार, दिनांक 23 जून को सायं 5:30 बजे एस.एम. जोशी सभागृह में संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे करेंगे। यह जानकारी असोसिएशन के अध्यक्ष श्री सचिन जोशी ने एक पत्रकार वार्ता में दी।
इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री संजय राठी, सचिव श्री किशोर पिरगळ, कोषाध्यक्ष श्री मोहन कुडचे, तथा पदाधिकारीगण श्री सूर्यकांत पाठक, दिलीप कुंभोजकर, अरविंद पटवर्धन, सुरेश नेउरगांवकर, मदनसिंह राजपूत, नितीन पंडित, किशोर चांडक, अनिल प्रभुणे, धनंजय रामलिंगे, राजकुमार गोयल, सुनील शिगवी, मनीष परदेशी और राजेश गांधी उपस्थित थे।
श्री सचिन जोशी ने बताया कि इस वर्ष “व्यापार भूषण पुरस्कार” मार्केटयार्ड स्थित ‘राजेंद्र कुमार मोहनलाल एंड कंपनी’ के श्री राजेंद्र बांठिया को प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप पुणेरी पगड़ी, सम्मानचिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शाल और श्रीफल प्रदान किए जाएंगे।इसके अतिरिक्त अन्य पुरस्कार इस प्रकार होंगे:
उत्कृष्ट दुकान पुरस्कार: हॉटेल तिरंगा (पुणे-सातारा रोड) के श्री चंद्रकांत आदमाने
उत्कृष्ट विक्रेता पुरस्कार: जनता खादी भंडार (लक्ष्मी रोड) के श्रीनिवास शाम जन्नू
फिनिक्स पुरस्कार: अमृता कलेक्शन (तुलशीबाग) के श्री किरण चौहान
उत्कृष्ट महिला व्यापारी पुरस्कार: त्रिंबक मोरेश्वर एंड कंपनी (लक्ष्मी रोड) की श्रीमती सुनीता गोंधळेकर
कै. डॉ. धनंजय एवं साधनाताई गोरे स्मृति पुरस्कार: चाय दरबार (नारायण पेठ) की श्रीमती ऐश्वर्या शेलार और कांचन जांभळ
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक मंडल के अध्यक्ष श्री विद्याधर अनास्कर उपस्थित रहेंगे। साथ ही स्थानीय विधायक श्री हेमंत रासने की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।
यह पुरस्कार वितरण समारोह पिछले 28 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। प्रतिवर्ष 25 मई को व्यापारी एकता दिवस के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम होता है, जिसमें विभिन्न व्यापारियों को उनके व्यवसायिक उत्कृष्टता, सेवा, स्वच्छता, ग्राहक सेवा और व्यवसाय में आधुनिकता के आधार पर चयनित कर सम्मानित किया जाता है।
पिछले वर्षों में जिन प्रमुख व्यापारियों को सम्मानित किया गया है, उनमें शामिल हैं – गिरीकंद ट्रॅव्हल्स के विश्वास जोशी, गुडलक सेल्स डिपो के खिमजी गाला, दोराबजी एंड कंपनी की थ्रिटी पूनावाला और फरशिद पटेल, कॉटन किंग के प्रदीप मराठे, ग्राहक पेठ के सूर्यकांत पाठक, रांका ज्वेलर्स के फतेचंद रांका, सुदर्शन स्टेशनरी के कृष्णचंद्रजी आर्य, लक्ष्मीनारायण चिवड़ा कंपनी के बाबूशेठ डाटा, जवाहर ट्रेडिंग कंपनी के चकोर गांधी, जयराज ग्रुप के राजेश शहा, बेकलाइट कंपनी के सचिन मालपाणी, कोहिनूर ग्रुप के कृष्णकुमार गोयल आदि।
एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से इस प्रेरणादायी आयोजन में सहभागी होकर व्यावसायिक क्षेत्र की उपलब्धियों के साक्षी बनने की अपील की है।


