
विद्यार्थियों का पुष्प देकर स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने स्कूल जीवन की यादें ताज़ा कीं
पुणे,शाला प्रवेशोत्सव 2025 के अंतर्गत राज्य के उपमुख्यमंत्री तथा पुणे जिल्हा के पालक मंत्री अजित पवार ने आज दौंड तालुका स्थित जिल्हा परिषद विद्यालय आलेगांव पुनर्वसन में विद्यार्थियों का पुष्प देकर आत्मीय स्वागत किया। शैक्षणिक वर्ष के पहले दिन छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए श्री पवार ने कहा कि स्कूली जीवन की यादें आज पुनः ताज़ा हो गईं।
इस अवसर पर गट विकास अधिकारी महेश ढोके, गटशिक्षणाधिकारी संजय महाजन, विस्तार अधिकारी शरीफा तांबोळी, केंद्र प्रमुख आशा धाडगे, जिला परिषद के पूर्व सदस्य वीरधवल (बाबा) जगदाळे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्कूलों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसी दिशा में राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, जूते आदि उपलब्ध कराए जा रहे हैं और शिक्षा पर भारी व्यय किया जा रहा है। छात्रों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों को भी बच्चों को उत्कृष्ट ज्ञान देने की भावना से पढ़ाना चाहिए।
पर्यावरण की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए श्री पवार ने बताया कि राज्य सरकार ने 10 करोड़ वृक्षारोपण का संकल्प लिया है। प्रत्येक विद्यार्थी को कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसका पालन-पोषण करना चाहिए। इससे छात्रों में बचपन से ही पर्यावरण के प्रति संस्कार विकसित होंगे और संतुलित पर्यावरण निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल होगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार के हाथों विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें और गणवेश का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में आलेगांव पुनर्वसन के सरपंच नवनाथ झुंबर कदम, मुख्याध्यापिका अनीता खताळ, ग्रामसेविका अर्चना भागवत तथा शाला व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष संभाजी कुतवळ सहित कई स्थानीय गणमान्यजन उपस्थित थे।


