अन्य

हिंदुजा फाउंडेशन और डॉ. माने मेडिकल फाउंडेशन के बीच समझौता, जरूरतमंद महिलाओं के लिए निःशुल्क कैंसर जांच अभियान की शुरुआत

हिंदुजा फाउंडेशन और डॉ. माने मेडिकल फाउंडेशन के बीच समझौता, जरूरतमंद महिलाओं के लिए निःशुल्क कैंसर जांच अभियान की शुरुआत

दिसंबर 2025 तक 10,000 अत्यंत गरीब महिलाओं की गर्भाशय ग्रीवा और स्तन कैंसर की जांच का लक्ष्य 

शिरडी: ग्रामीण महाराष्ट्र की वंचित महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, हिंदुजा ग्रुप की परोपकारी शाखा हिंदुजा फाउंडेशन ने अहमदनगर स्थित प्रतिष्ठित गैर-सरकारी संस्था डॉ. माने मेडिकल फाउंडेशन एंड रिसर्च सेंटर के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के अंतर्गत शिरडी समेत महाराष्ट्र के अन्य जिलों में महिलाओं के लिए निःशुल्क कैंसर जांच और जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

इस पहल का लक्ष्य दिसंबर 2025 तक 10,000 अत्यंत गरीब महिलाओं की गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) और स्तन कैंसर की जांच करना है। इस अभियान की शुरुआत 8 जून को शिरडी से लगभग 60 किलोमीटर दूर राहुरी में पहले जांच शिविर से हुई, जिसमें लगभग 350 महिलाओं की जांच की गई।

यह कार्यक्रम उन महिलाओं तक पहुंचने का प्रयास है जो आर्थिक और भौगोलिक कारणों से समय पर जांच नहीं करा पातीं और बीमारी की पहचान देर से होती है।

इस अभियान की जमीनी जिम्मेदारी डॉ. माने मेडिकल फाउंडेशन संभालेगा, जिसमें स्थानीय समुदायों से जुड़ने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जांच के तहत महिलाओं का पैप स्मीयर और क्लिनिकल ब्रेस्ट एग्जामिनेशन (CBE) किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल जैसी अन्य जांचें भी की जाएंगी।

हिंदुजा फाउंडेशन की स्टीयरिंग कमेटी की सदस्य नम्रता हिंदुजा ने कहा, “महिलाओं को स्वास्थ्य के जरिए सशक्त बनाना, मजबूत समाज की नींव रखने जैसा है। यह पहल हमारे उस संकल्प को दर्शाती है, जिसमें हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कोई भी महिला सिर्फ आर्थिक तंगी की वजह से इलाज से वंचित न रह जाए।”

फाउंडेशन के अध्यक्ष पॉल अब्राहम ने कहा, “भारत में कैंसर एक तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। साल 2025 में ही 17 लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं और 2030 तक यह संख्या 25 लाख तक पहुंचने की आशंका है। समय पर जांच से न केवल इलाज की लागत कम होती है, बल्कि बचाव की संभावना भी बढ़ती है। यह कार्यक्रम केवल जांच और इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उन्हें सशक्त बनाना और एक सकारात्मक स्वास्थ्य संस्कृति को बढ़ावा देना है।”

जिन महिलाओं की जांच में कैंसर के लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें राहुरी (शिरडी) स्थित डॉ. माने चैरिटेबल कैंसर हॉस्पिटल में पूरी तरह निःशुल्क इलाज प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे दीर्घकालिक स्वास्थ्य सेवाओं की बुनियाद मजबूत की जा सके।

इस अभियान को रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस का भी सहयोग प्राप्त है। फिलहाल यह कार्यक्रम शिरडी में संचालित हो रहा है और भविष्य में इसे उस्मानाबाद और अहिल्यानगर जैसे कैंसर प्रभावित जिलों में भी विस्तारित किया जाएगा।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button