
19 गाड़ियां मुख्यमंत्री काफिले की गाड़ियां बंद प्रेटोल की जगह भरा पानी : मिलावटी डीजल की पुष्टि, पेट्रोल पंप सील
विशाल समाचार संवाददाता एमपी
रतलाम/इंदौर,: — मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले की 19 सरकारी गाड़ियां गुरुवार रात अचानक बंद हो गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सभी वाहनों में डीजल भरवाया गया था, जिसमें भारी मात्रा में पानी की मिलावट पाई गई। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत डोसीगांव स्थित शक्ति फ्यूल्स (भारत पेट्रोलियम) पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आज रतलाम में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड इम्प्लॉइमेंट कॉन्क्लेव 2025 में भाग लेना था। इसके लिए इंदौर से 19 गाड़ियां रतलाम भेजी गई थीं, जिनमें रास्ते में डोसीगांव स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया गया। थोड़ी ही दूरी तय करने के बाद सभी वाहन एक-एक कर बंद हो गए, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान गाड़ियों के टैंक से डीजल के साथ पानी भी निकला। एक वाहन में 20 लीटर डीजल में से लगभग 10 लीटर तक पानी पाया गया। सभी गाड़ियों में यही स्थिति देखी गई।
नायब तहसीलदार श्री आशीष उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बारिश के कारण टैंक में पानी रिसाव की संभावना जताई गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप को सील कर दिया है और नमूनों की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल इंदौर से वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की। विस्तृत जांच के बाद ही मिलावट के पीछे की सही वजह और जिम्मेदारों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



