
बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण व बाल दुर्व्यापार के खिलाफ जन जागरूकता अभियान के तहत जन संवाद कार्यक्रम का किया गया आयोजन
सीतामढ़ी कुणाल किशोर सीतामढ़ी:पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी अमित रंजन के निर्देश के अनुपालन में विशेष किशोर पुलिस इकाई, सीतामढ़ी एवं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (बचपन बचाओ आंदोलन) ने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण व बाल दुर्व्यापार के गंभीर मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी विशेष किशोर पुलिस इकाई सीतामढ़ी मो ० नजीब अनवर के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डुमरा प्रखंड के बरहरवा गांव में महिला थाना की अपर थानाध्यक्ष सह बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी रश्मि कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं एवं छात्राओं की भारी भागीदारी देखी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी रश्मि कुमारी एवं स्थानीय जीविका दीदियों के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। जन संवाद कार्यक्रम में बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी रश्मि कुमारी के द्वारा बाल श्रम, बाल विवाह, बाल बाल यौन शोषण व बाल दुर्व्यापार के विभिन्न रूपों के बारे में शिक्षित किया गया और इस सामाजिक खतरे की गंभीरता पर प्रकाश डाला गया । समाज से इस गंभीर मुद्दों को मिटाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण व बाल दुर्व्यापार से निपटने के समाधान भी सांझा किए गए, उनके द्वारा महिलाओं को बाल शोषण खत्म करने का संदेश अपने घरों तक ले जाने के लिए प्रोत्साहित करने में सक्रिय भूमिका निभाई जिससे उपस्थित प्रतिभागियों के मन में जिम्मेदारी की भावना जागृत हुई । इस संदर्भ में वरीय पुलिस उपाधीक्षक मो० नजीब अनवर ने बताया की विशेष किशोर पुलिस इकाई सीतामढ़ी एवं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (बचपन बचाओ आंदोलन) के बीच सहयोगात्मक प्रयास बच्चों के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चो को बाल शोषण से बचाने की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए समुदाय के सदस्यों के बीच जागरूकता पैदा करना है। जन संवाद कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने बाल शोषण के खिलाफ मोर्चा संभालने का संकल्प लेते हुए बाल विवाह बंद करो, बाल मजदूरी बंद करो जैसे शक्तिशाली नारे लगाते हुए बाल शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। इस आयोजन को सभी पक्षों से व्यापक समर्थन और सराहना मिली । प्रतिभागियों और समर्थकों ने इस उद्देश्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता दिखाई।



