Madhya Pradeshआरोग्य

कोविड-19 अनुकंपा नियुक्ति योजना के प्रकरण ऑनलाइन दर्ज करायें : कलेक्टर

कोविड-19 अनुकंपा नियुक्ति योजना के प्रकरण ऑनलाइन दर्ज करायें – कलेक्टर

रीवा(मध्य प्रदेश)वि.स.प्रतिनिधी:
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कोरोना संक्रमण के कारण दिवंगत अधिकारियों और कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी मुख्यमंत्री कोविड-19 अनुकंपा नियुक्ति योजना के प्रकरण ऑनलाइन दर्ज करायें। इस योजना के तहत एक मार्च 2021 से 30 जून 2021 की अवधि में कोरोना संक्रमण से मृत शासकीय सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही है। इसमें नियमित, कार्यभारित, संविदा, कलेक्टर दर, अंशकालीन कर्मचारी तथा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के आश्रितों को लाभ मिलेगा। जिन अधिकारियों-कर्मचारियों को कोरोना योद्धा योजना के तहत सम्मान राशि दी गई है उनके परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ नहीं दिया जायेगा।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कोरोना संक्रमण से ग्रस्त अधिकारी और कर्मचारी स्वस्थ होने के 60 दिन की अवधि में यदि दिवंगत हो जाते हैं तो उनके परिजनों को भी अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिया जायेगा। इसमें आयु का बंधन नहीं है। अनुकंपा नियुक्ति प्राथमिक तौर पर उसी विभाग तथा कार्यालय में देने का प्रयास किया जायेगा जिसमें दिवंगत शासकीय सेवक कार्यरत था। पद उपलब्ध न होने पर अन्य विभागों में नियुक्ति दी जायेगी। बैठक में बताया गया कि जिले में कोविड अनुकंपा नियुक्ति योजना में शिक्षा विभाग के दो, कृषि विभाग का एक तथा लोक निर्माण ई एण्ड एम विभाग का एक प्रकरण पात्र पाया गया है। इन्हें ऑनलाइन दर्ज कर दिया गया है। कलेक्टर ने कहा कि इस अविध में मृतक शासकीय सेवक यदि कोविड-19 अनुकंपा नियुक्ति योजना में पात्र नहीं है तो उनके प्रस्ताव सामान्य रूप से अनुकंपा नियुक्ति के प्रावधानों के तहत प्रस्तुत करें। कोरोना में प्राण गंवाने वाले प्रत्येक शासकीय सेवक के परिवार को इन योजनाओं का लाभ देना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इला तिवारी ने अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि तीन विभागों के अलावा अन्य सभी विभागों में किसी भी शासकीय सेवक की कोरोना से मृत्यु नहीं हुई है। निगम मण्डल तथा स्थानीय निकायों में अन्य प्रावधानों के तहत अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिया जा रहा है। अपर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जिला सूचना विज्ञान अधिकारी से संपर्क करके अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण ऑनलाइन दर्ज करने के लिये आईडी पासवर्ड प्राप्त करने का अनुरोध किया। बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button