
हिंजवड़ी IT पार्क की ट्रैफिक जाम समस्या को तुरंत सुलझाएं – उपमुख्यमंत्री अजित पवार का सख्त निर्देश
पुणे,राज्य के उपमुख्यमंत्री और पुणे जिले के पालकमंत्री अजित पवार ने आज पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) कार्यालय आकुर्डी में आयोजित बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि हिंजवड़ी राजीव गांधी आईटी पार्क सहित माण, म्हालुंगे, सूस आदि क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या को तत्काल प्राथमिकता पर सुलझाया जाए।
उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा कि मेट्रो कार्यों में तेजी लाएं, सड़क चौड़ीकरण के लिए ज़रूरी भूमि अधिग्रहण शीघ्र पूरा करें, अतिक्रमण हटाएं और सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत तुरंत की जाए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक, पानी, सीवरेज, प्रदूषण नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं की ठोस योजना बनाई जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंडरपास के नीचे और सड़कों के दोनों ओर अनधिकृत रूप से खड़ी वाहनों पर रोक लगे और भारी वाहनों के लिए विशेष ट्रैफिक योजना लागू की जाए। अतिक्रमण करने वालों पर पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही की जाए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मौजूद प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि:
विधानसभा उपाध्यक्ष अण्णा बनसोडे, विधायक शंकर मांडेकर, विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे, पीएमआरडीए महानगर आयुक्त योगेश म्हसे, अतिरिक्त आयुक्त दीपक सिंगला, पुणे मनपा आयुक्त नवल किशोर राम, पिंपरी-चिंचवड मनपा आयुक्त शेखर सिंह, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, अपर पुलिस आयुक्त सारंग आवाड, जिला परिषद सीईओ गजानन पाटील, एमआईडीसी के विजय राठौड़, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतुल चव्हाण, एनएचएआई के संजय कदम और कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक से पूर्व उपमुख्यमंत्री पवार ने हिंजवड़ी और आसपास के क्षेत्रों में चल रही प्रमुख मेट्रो और सड़क परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें मेट्रो लाइन-3, विप्रो सर्कल, डोहलर कंपनी, मारुंजी रोड और कासारसाई कैनाल तक का दौरा शामिल रहा। पीएमआरडीए की ओर से हिंजवड़ी क्षेत्र में सड़क निर्माण, मल-निस्सारण प्रकल्प, पवना-इंद्रायणी प्रदूषण नियंत्रण, और जल आरक्षण योजनाओं पर प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
श्री पवार ने दो टूक कहा कि “हिंजवड़ी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में यदि ट्रैफिक और आधारभूत सुविधाएं नहीं सुधारी गईं, तो भविष्य में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। सभी विभाग मिलकर ठोस कार्रवाई करें, यही जनता की
अपेक्षा है।”


