
“मुरादाबाद को स्वच्छता में देश के शीर्ष 3 शहरों में लाना हमारा संकल्प”: मंत्री ए. के. शर्मा
स्वच्छ सर्वेक्षण में छलांग लगाने पर नगर निगम को बधाई, विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने देने का आश्वासन
लखनऊ, ब्यूरो विशाल समाचार
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री मा. श्री ए. के. शर्मा जी की अध्यक्षता में आज मुरादाबाद सर्किट हाउस सभागार में नगरीय विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक की शुरुआत में मंत्री श्री शर्मा ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में मुरादाबाद नगर निगम द्वारा उल्लेखनीय प्रगति – 131वें से 10वें स्थान पर पहुंचने – पर नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, महापौर, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को बधाई दी और इसे “सामूहिक संकल्प और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण” बताया।
मंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि मुरादाबाद को स्वच्छता के क्षेत्र में देश के शीर्ष 3 शहरों में लाना सरकार का संकल्प है और इसमें धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संकल्प, सहभागिता और सतत प्रयास से यह लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है।
बैठक में नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम मुरादाबाद की हालिया उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
प्रदेश की पहली ISO प्रमाणित कान्हा गोशाला
प्रदेश की पहली हनुमान वाटिका का निर्माण
250 पार्कों में ओपन जिम की स्थापना
प्रभावी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण
वार मेमोरियल, संविधान पार्क, योगपथ एवं स्मारकों का निर्माण
प्रोजेक्ट जटायु जैसी अभिनव योजनाओं का क्रियान्वयन
इन पहलों ने शहर की छवि बदलने के साथ-साथ जनभागीदारी, पर्यावरणीय संतुलन एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी सशक्त किया है।
मा. मंत्री ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा—
> “मुरादाबाद की सफलता यह सिद्ध करती है कि जब शासन-प्रशासन और जनता मिलकर कार्य करते हैं, तब कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता। प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई प्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं संवेदनशील बनाया जाए, जिससे आम नागरिकों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सके।
बैठक के दौरान सभी पार्षदों एवं चेयरमैन ने अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी दी और मुरादाबाद को देश के स्वच्छतम शहरों में स्थान दिलाने हेतु सामूहिक संकल्प लिया।
मंत्री श्री ए. के. शर्मा के आगमन पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर महापौर, क्षेत्रीय विधायकगण, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।



