
सोनाली मारणे का शिवसेना में प्रवेश, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में थामा हाथ
पुणे,:कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता, पुणे की पूर्व महिला शहराध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव सोनाली मारणे ने कांग्रेस को अलविदा कहकर शिवसेना में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए शिवसेना की सदस्यता ली।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री उदय सामंत, विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोऱ्हे सहित अनेक शिवसेना नेता मंच पर उपस्थित थे। सोनाली मारणे के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शिवसेना में शामिल हुए।
मीडिया से बातचीत में सोनाली मारणे ने कहा, “मैं 2011 से कांग्रेस में सक्रिय कार्यकर्ता रही हूँ, लेकिन अब यह महसूस हो रहा है कि पार्टी न तो एक प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभा पा रही है और न ही मेहनती कार्यकर्ताओं को न्याय दे पा रही है। मैंने देखा कि जो लोग वास्तव में काम करने की क्षमता रखते हैं, उन्हें अवसर नहीं दिया जा रहा है।”
शिवसेना में शामिल होने के अपने निर्णय पर उन्होंने कहा, “मैं ‘लाडकी बहन’ योजना के शिल्पकार और खुद को ‘DCM – Dedicated Common Man’ मानने वाले एकनाथ शिंदे जी से प्रेरित हुई हूँ। मुख्यमंत्री कार्यकाल में उनके महाराष्ट्र हित में लिए गए ठोस निर्णयों ने मुझे प्रभावित किया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि हिंदूहृदयसम्राट बाळासाहेब ठाकरे की सोच – 80% समाजकारण और 20% राजकारण – को आज जमीन पर उतारने का काम एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। वे वास्तव में आम जनता के बेहद करीब हैं।
सोनाली मारणे के साथ माजी नगरसेवक राहुल तुपेरे, मंगल पवार, मीनल धनवटे, प्रमोद बारहाते, लक्ष्मीकांत गोनेकर, भक्ती गाटे, किरण मारणे, प्रथमेश धुमाळ, महेश पवार समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता भी शिवसेना में शामिल हुए।


