
इटावा में कौशल विकास मिशन की प्रगति पर जिलाधिकारी ने की योजनावार समीक्षा
जिला अस्पतालों में प्रशिक्षण, उद्योगों के साथ समन्वय और विश्वकर्मा योजना के विस्तार पर दिए गए निर्देश
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कौशल विकास मिशन 2024-25 के प्राप्त लक्ष्यों के सापेक्ष योजनावार प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में संकल्प विकास समिति एवं लेट श्री शिवबालक राम स्वर्णकार स्मृति शिक्षा प्रचार संस्थान द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्रों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। एसएसडीएफ योजना के अंतर्गत नारायण कॉलेज हेल्थकेयर सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाभार्थियों को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल एवं सैफई मेडिकल कॉलेज में ऑन-जॉब ट्रेनिंग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जीएमडीआईसी को निर्देशित किया कि फ्लैक्सी पार्टनर योजना के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों की पहचान कर उनसे बैठक की जाए, ताकि प्रशिक्षणार्थियों को औद्योगिक भ्रमण कराया जा सके। भ्रमण के दौरान भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान संकल्प विकास समिति के प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि किसी ट्रेनर की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाई जाती है तो उसे पत्र जारी कर तत्काल हटाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षित किया जाए और प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार से भी जोड़ा जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जीएमडीआईसी, आईटीआई प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार, समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
