सीतामढ़ी में “राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन 24 जून को
आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती ममता कुमारी लेंगी जन सुनवाई, मंडल कारा व बाल सुधार गृह का भी करेंगी निरीक्षण
सीतामढ़ी, कुणाल किशोर संवाददाता
महिलाओं की समस्याओं के समाधान और अधिकारों की रक्षा को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग, नई दिल्ली द्वारा “राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत एक विशेष महिला जन सुनवाई एवं वॉक-इन कंप्लेनेंट्स शिविर का आयोजन दिनांक 24 जून 2025 (मंगलवार) को समाहरणालय, सीतामढ़ी स्थित परिचर्चा भवन में किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सदस्य, राष्ट्रीय महिला आयोग, श्रीमती ममता कुमारी स्वयं करेंगी। कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे पूर्वाह्न से प्रारंभ होगा।
महिला अधिकारों से जुड़ी समस्याओं की होगी खुली जनसुनवाई
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, पारिवारिक, कानूनी व व्यक्तिगत स्तर पर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं की सीधी सुनवाई की जाएगी। महिलाएं अपनी शिकायतें प्रत्यक्ष रूप से आयोग की सदस्य के समक्ष रख सकेंगी।
यह पहल उन महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो किसी कारणवश अपनी बात उचित मंच तक नहीं पहुंचा पाती हैं।
मंडल कारा, वन स्टॉप सेंटर व बाल सुधार गृह का निरीक्षण भी प्रस्तावित
24 जून को ही माननीया सदस्य श्रीमती ममता कुमारी द्वारा मंडल कारा (जेल), वन स्टॉप सेंटर, एवं बाल सुधार गृह का निरीक्षण भी किया जाएगा। इस निरीक्षण के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सुविधा व पुनर्वास सेवाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा की जाएगी
जिलाधिकारी द्वारा सभी पदाधिकारियों को निर्देश
इस कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए जिलाधिकारी श्री रिची पांडे ने संबंधित सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे 24 जून को निर्धारित समय पर समाहरणालय सभा कक्ष में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि आयोग की जनसुनवाई एवं निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं, ताकि आयोग के समक्ष जिले की
सकारात्मक छवि प्रस्तुत हो सके।



