रीवा

विश्व योग दिवस कार्यक्रम में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करें – कलेक्टर

विश्व योग दिवस कार्यक्रम में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करें – कलेक्टर

जिले के पर्यटन स्थलों तथा सभी पंचायतों में 21 जून को मनाया जाएगा योग दिवस

 

रीवा आलोक कुमार तिवारी: विश्व भर को भारत ने योग का उपहार दिया है। देश में प्राचीन काल से शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए योगाभ्यास तथा प्राणायाम करने की परपंरा रही है। आगामी 21 जून को विश्व योग दिवस जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मनाया जाएगा। कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने योग दिवस के तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि विश्व योग दिवस हम सबको तन और मन को स्वस्थ रहने का संदेश देता है। जिले के सभी नगरीय निकायों और सभी ग्राम पंचायतों में 21 जून को विश्व योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित करें। जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मार्तण्ड क्रमांक एक के परिसर में सुबह 6 बजे 8 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल होंगे। समारोह में योग दिवस पर प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन के सजीव प्रसारण की सभी स्थलों में व्यवस्था सुनिश्चित करें। वर्षा को ध्यान में रखकर योग दिवस के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करें। विश्व योग दिवस पर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों तथा नगर के प्रमुख पार्कों में भी योगाभ्यास कराएं।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी शासकीय संस्थाएं तथा निजी संस्थाएं भारत सरकार की वेबसाइट योगा डॉट आयुष डॉट जीओभी डॉट/इन योगा-संगम में पंजीयन अवश्य करा लें। कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद गूगल लिंक पर फोटो सहित पूरा विवरण अपलोड करें। योग दिवस के फोटो तथा वीडियो पूरे विवरण के साथ जनसंपर्क कार्यालय को ईमेल पीआरओ रीवा 5 एट द रेट जीमेल डॉट कॉम पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। योग दिवस पर सामान्य योगाभ्यास का प्रोटोकाल योगा संगम पोर्टल से भी प्राप्त किया जा सकता है। अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा सभी महाविद्यालयों में तथा जिला शिक्षा अधिकारी सभी माध्यमिक स्कूल, हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में योगाभ्यास का आयोजन कराएं। आयुष विभाग के तहत सभी 30 आरोग्य मंदिरों तथा आयुर्वेद संस्थाओं में योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम होंगे। जिला आयुष अधिकारी इसके लिए आवश्यक प्रबंध करें। जिला आयुष अधिकारी विभाग में दर्ज योग शिक्षकों की सेवाएं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा शासकीय संगठनों को उपलब्ध कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि आयुक्त नगर निगम शहर में अटल पार्क, विवेकानंद पार्क तथा अन्य प्रमुख स्थलों में योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन कराएं। सभी नगर परिषदों में भी आसपास के पर्यटन स्थल अथवा शहर के प्रमुख पार्क में योगाभ्यास का आयोजन कराएं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सभी ग्राम पंचायतों में योग दिवस के कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अमृत सरोवरों के किनारे भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित कराएं। जिला समन्वयक जन अभियान परिषद अन्य संगठनों के सहयोग से जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों, नदियों के उद्गम स्थल तथा पार्कों में योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित करें। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला, संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी, संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक, डीपीसी विनय मिश्रा तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं योग प्रशिक्षक उपस्थित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button