रीवा

अब सभी फाइलें ई आफिस के माध्यम से ही भेजें – कलेक्टर

अब सभी फाइलें ई आफिस के माध्यम से ही भेजें – कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन में कोई विभाग डी और सी श्रेणी में न रहे – कलेक्टर

 

रीवा विशाल समाचार संवाददाता. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि ई आफिस व्यवस्था सभी कार्यालयों में लागू हो गई है। कलेक्ट्रेट कार्यालय की सभी शाखाओं की फाइलें भी ई आफिस माध्यम से ही प्रस्तुत करें। सभी अधिकारी फाइलें ऑनलाइन ही भेजें। अब कलेक्ट्रेट में अन्य किसी माध्यम से प्रस्तुत फाइलें स्वीकार नहीं की जाएंगी। अधीनस्थ कार्यालयों से भी आनलाइन माध्यम से ही पत्राचार और नस्तियों का आदान-प्रदान करें। कलेक्टर ने कहा कि भू अर्जन से संबंधित सभी विभाग, एसडीएम और अग्रणी बैंक प्रबंधक बैंक खातों के संबंध में शासन के निर्देशों का दो दिवस में पालन कराते हुए समस्त कार्यवाही करें। अन्य खाते बंद कराकर उनकी राशि पीडीए खाते में आज ही जमा करा दें। जिला खनिज अधिकारी ई आफिस के माध्यम से ही समस्त फाइलें प्रस्तुत करें साथ ही अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्यवाही की भी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि समाधान आनलाइन में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों तथा मई माह में दर्ज प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराकर विभाग की ग्रेडिंग में सुधार करें। सभी अधिकारी 19 जून तक विशेष प्रयास करके लंबित प्रकरणों का निराकरण करें तथा विभाग डी और सी श्रेणी में न रहे, इसे सुनिश्चित करें। मांग आधारित प्रकरणों तथा अन्य प्रकरणों में समुचित जवाब दर्ज करें। प्रकरण अनअटेंडेड रहने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा मेडिकल कालेज के प्रतिनिधि जननी सुरक्षा योजना के लिए आवंटित राशि का दो दिन में भुगतान कराकर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। इससे जुड़े सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का भुगतान करके निराकरण कराएं। सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में तथ्यपूर्ण उत्तर न दर्ज करने पर बीएमओ गोविंदगढ़ को नोटिस दें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रोगी कल्याण समिति के पांच वर्षों के आय-व्यय का विवरण दें। अपर कलेक्टर रोगी कल्याण समिति के आय-व्यय की आडिट रिपोर्ट का परीक्षण करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला श्रम पदाधिकारी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन, अधीक्षण यंत्री ऊर्जा तथा कार्यपालन यंत्री पीएचई सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास करें।

कलेक्टर ने कहा कि 27 जून को स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाएगा। जिला महाप्रबंधक उद्योग तथा अन्य अधिकारी स्वरोजगार योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निराकरण कराकर हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण कराएं। आयुक्त नगर निगम तथा सभी सीएमओ शहरी क्षेत्र में नालों और नालियों की साफ-सफाई कराएं। जल भराव वाले क्षेत्र चिन्हित करके उनमें जल निकासी की तत्काल व्यवस्था करें। अधीक्षण यंत्री ऊर्जा खुले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रूप से बंद कराएं जिससे वर्षाकाल में कोई अप्रिय घटना न हो। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्वीकृत सभी कार्यों को एक सप्ताह में अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। साथ ही मनरेगा के कार्यों को भी पूरा कराकर कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करें। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पुन: अभियान शुरू किया गया है। सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकाय के वार्डों में शिविर लगाकर शेष बचे हुए पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाएं। जिले में 70 साल से अधिक आयु के 106749 व्यक्ति हैं। इनमें से केवल 32270 के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। शेष सभी के आयुष्मान कार्ड अभियान के दौरान बनाएं। इसके साथ-साथ धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, कर्मकार कल्याण मण्डल तथा वय वंदना योजना के हितग्राहियों के भी आयुष्मान कार्ड बनाएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी इसके लिए समुचित प्रबंध करें।

बैठक में पेयजल व्यवस्था, खाद और बीज के उठाव तथा वितरण, प्राकृतिक आपदा से बचाव और राहत के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रेयस गोखले, सभी एसडीएम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button