सीतामढ़ी में 26 से 28 मई तक विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान
70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा आयुष्मान वय वंदना कार्ड
सीतामढ़ी (बिहार) विशाल समाचार: जिले में 26 से 28 मई तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिकों को आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड प्रदान किया जाएगा, भले ही उनकी सामाजिक या आर्थिक स्थिति कुछ भी हो।
अभियान के दौरान प्रत्येक गांव, पंचायत सरकार भवन, प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, समाहरणालय, प्रमुख पार्कों और मॉर्निंग वॉक स्थलों पर विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इन काउंटरों पर मौके पर ही कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस संदर्भ में शनिवार को जिलाधिकारी श्री रिची पांडे की अध्यक्षता में एक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वार्ड स्तर पर माइक्रो प्लान बनाकर इस अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके। साथ ही, सभी संबंधित पदाधिकारियों को अभियान के सतत अनुश्रवण के निर्देश भी दिए गए।
यह अभियान राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और इसका मुख्य उद्देश्य सीतामढ़ी जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित कराना है।



