
सीतामढ़ी में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी, त्रुटिरहित मतदाता सूची व मतदान केंद्रों के युक्तिकरण पर जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक सम्पन्न
सीतामढ़ी (विशाल समाचार)आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में विमर्श सभा कक्ष में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्रुटिरहित मतदाता सूची की तैयारी, मतदान केंद्र स्तर पर बीएलए की नियुक्ति, योग्य मतदाताओं का पंजीकरण, मतदान प्रतिशत में वृद्धि तथा मतदान केंद्रों के युक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श करना था।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि मतदान केंद्र स्तर पर राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता बनी रहे। बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद 90 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जा चुका है, वहीं 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं का सत्यापन कार्य प्रगति पर है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्यक्रम जारी किया जाएगा, जिसके तहत प्रति मतदान केंद्र अधिकतम 1200 मतदाताओं की संख्या निर्धारित की जाएगी। साथ ही, मतदान केंद्रों पर मानक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग) मतदाताओं को मतदान के दौरान समुचित सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 20 मई 2025 से प्रारंभ हो चुकी है। अब तक 5034 बैलट यूनिट, 3962 कंट्रोल यूनिट एवं 4269 वीवीपैट की जांच की गई, जिसमें से 4917 बीयू, 3894 सीयू एवं 4227 वीवीपैट ओके पाए गए, जबकि 117 बीयू, 68 सीयू एवं 42 वीवीपैट रिजेक्ट किए गए हैं।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में अपर समाहर्ता संदीप कुमार, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी सहित भाजपा, जदयू, कांग्रेस, सीपीआई (एम), बसपा, रालोसपा के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
वर्तमान मतदाता आंकड़े (20.05.2025 तक):
कुल मतदाता: 26,20,224 (पुरुष: 13,82,609, महिला: 12,37,558, थर्ड जेंडर: 57)
लिंगानुपात: 895—-18-19 आयु वर्ग: 34,265 (पुरुष: 20,853, महिला: 13,409, थर्ड जेंडर: 3)
90 वर्ष से अधिक मतदाता: 2,533 (पुरुष: 1,009, महिला: 1,524)
100 वर्ष से अधिक मतदाता: 244 (पुरुष: 88, महिला: 156)
पीडब्ल्यूडी मतदाता: 27,135 (पुरुष: 15,927, महिला: 11,208)सर्विस वोटर: 2,281
बीएलए नियुक्ति (राजनीतिक दलवार):
भाजपा: 1,702 राजद: 1,280,
कांग्रेस: 1,458 ,जदयू: 334
जिलाधिकारी ने सभी दलों से सहयोग की अपील की और कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।



