अधिकारियों तथा डॉक्टरों ने आमजनता से की टीकाकरण की अपील
रीवा(MP) रीवा जिले में 25 तथा 26 अगस्त को कोरोना वैक्सीन टीकाकरण का महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिये प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर्स, समाजसेवी, खिलाड़ी, धर्मगुरू, जनप्रतिनिधि तथा कोरोना वालेण्टियर्स लोगों को टीकाकरण के लिये लगातार जागरूक कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह ने आमजनता से टीकाकरण की अपील करते हुए कहा है कि हर व्यक्ति टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करे। अधिक से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण होने पर ही कोरोना की तीसरी लहर से सुरक्षा मिलेगी। नि:शुल्क टीकाकरण के इस अवसर का पूरा लाभ उठायें। दूसरी डोज के पात्र सभी व्यक्ति महाअभियान में अपना टीकाकरण अवश्य करायें।
महाअभियान में आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने कहा है कि महाअभियान के दौरान सभी जनपद पंचायतों में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान के दौरान प्रथम डोज तथा दूसरी डोज के पात्र सभी व्यक्ति अपना टीकाकरण अवश्य करायें। आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा ने आमजनता से टीकाकरण की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जिले भर में 25 एवं 26 अगस्त को टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रथम डोज तथा दूसरी डोज के पात्र सभी व्यक्ति अपना नि:शुल्क टीकाकरण करायें। इससे आपको तथा परिवार को कोरोना की तीसरी लहर से सुरक्षा मिलेगी। श्यामशाह मेडिकल कालेज के डीन डॉ. मनोज इंदुरकर ने आमजनता से अपील करते हुए कहा है कि कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित और कारगर है। कोरोना की तीसरी लहर को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय टीकाकरण ही है। जिले में महाअभियान चलाकर प्रथम डोज तथा दूसरी डोज के पात्र व्यक्तियों को 25 एवं 26 अगस्त को टीकाकरण का अवसर दिया जा रहा है। इसका लाभ अवश्य उठायें।
लोगों को जागरूक करने में खिलाड़ी तथा खेल प्रशिक्षक भी बढ़-चढ़कर सहयोग दे रहे हैं। बास्केटबाल कोच राखी सिंह चौहान ने सभी खिलाडि़यों तथा आमजनों से टीकाकरण की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सबकी सुरक्षा के लिये कोरोना वैक्सीन टीकाकरण आवश्यक है। जिले में 25 और 26 अगस्त को चलाये जा रहे महाअभियान में पात्र व्यक्ति कोरोना वैक्सीन की प्रथम तथा दूसरी डोज अवश्य लगवायें। रीवा व्यापारी महासंघ के सदस्य गुलाब साहनी ने व्यापारी भाईयों तथा आमजनों से टीकाकरण महाअभियान में कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने की अपील की है। युवा समाजसेवी अविराज सिंह ने भी आमजनता से टीकाकरण महाअभियान का हिस्सा बनकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

