
कन्नौज,(वि.स.प्रतिनिधी) इत्रनगरी की तीन महत्वाकांक्षी योजनाओं का निर्माण भाजपा शासनकाल में ठप है। प्रदेश में विकास ठहर गया है। सपा सरकार बनते ही सबसे पहले किसान हित के काम कराएंगे। ये बातें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहीं। वहीं, रक्षाबंधन पर इटावा में अपनों के बीच रहे। कार्यकर्ताओं व लोगों से मुलाकात कर कहा कि 2022 में सपा की सरकार बनाएं।
रविवार को अखिलेश यादव सैफई से लखनऊ जाते समय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर ठठिया मंडी कट पर रुके। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कन्नौज ही नहीं, पूरे प्रदेश में सपा के शुरू कराए गए विकास कार्य रोक दिए गए हैं। सरकार बनते ही ठठिया क्षेत्र की तीन बड़ी महत्वाकांक्षी योजनाएं विशिष्ट आलू मंडी, इत्र पार्क व पीएसी कैंप का निर्माण कराया जाएगा। चुनाव नजदीक आते देख आलू मंडी का निर्माण सिर्फ दिखावे के लिए शुरू किया था। पूर्व मुख्यमंत्री करीब 10 मिनट तक रुके। कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के लिए कहा। बोले, जमीनी स्तर पर कार्य करें। इस बीच धक्का-मुक्की कर रहे कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत भी दी। इसके बाद जिला मुख्य प्रवक्ता विजय द्विवेदी से बात कर लखनऊ के लिए रवाना हो गए

