
कारगिल विजय दिवस: युवा खेल मंत्रालय ने शहीदों को किया नमन, वीरता को दी श्रद्धांजलि
जनपद औरैया | विशाल समाचार
माई भारत युवा खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ग्राम पंचायत जैतापुर, विकास खंड औरैया में कारगिल विजय दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद सरदार भगत सिंह और चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
मुख्य अतिथि उपनिदेशक अनवर वारसी ने शहीद रामनरेश पाल की पत्नी सोने श्री को सम्मानित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस हर भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का दिन है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्ररक्षा और चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित किया और कहा कि “देश की जिम्मेदारी अब युवाओं के कंधों पर है। युवाओं का उत्थान ही भारत के विकास की नींव है।”
भारतीय शिक्षा बोर्ड औरैया के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर योगाचार्य अजय राज ने अपने उद्बोधन में कहा कि “सीमा पर जवान और खेत पर किसान ही भारत की असली शक्ति हैं।” उन्होंने बताया कि एक सशक्त और स्वस्थ युवा वर्ग ही भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बना सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रधानाध्यापिका रचना सिंह ने अपने वक्तव्य में कारगिल युद्ध में अपने परिजनों के बलिदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि “तीनों सेनाओं में हमारे परिवार के सदस्य थे। टोलियों के कई जवान वीरगति को प्राप्त हुए, लेकिन राष्ट्र सेवा के गर्व को हमने कभी कम नहीं होने दिया।” उन्होंने भावुक होकर एक गीत के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने रैली निकालकर शहीद रामनरेश पाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और “शहीद रामनरेश अमर रहें”, “जय हिंद”, “भारत माता की जय” जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर अनुज यादव, निशांत बिश्नोई (सहायक अध्यापक), उपासना गुप्ता, पंकज कटिहार, रवि शंकर, आदर्श कुमार, श्याम बाथम, मनीष, गीता, रामप्रकाश, अशोक कुमार, जयप्रकाश, किशनचंद सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आदर्श कुमार ने कुशलतापूर्वक किया।



