ग्राहक अनुभव बेहतर बनाने के लिए SBI ने 13,455 जूनियर एसोसिएट्स भर्ती किए
· हमारा लक्ष्य विकासशील और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों के कार्यान्वयन से अपनी मानव संसाधन क्षमताओं को और अधिक सशक्त करना है। : एसबीआई चेयरमैन
पुणे: देश के सबसे बड़े और भरोसेमंद बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 13,455 जूनियर एसोसिएट्स की भर्ती की है। यह भर्ती अभियान देश भर की बैंक शाखाओं में ग्राहक सेवा को उन्नत करने के उद्देश्य से चलाया गया था। चयनित उम्मीदवारों की सूची अब बैंक के आधिकारिक करियर पोर्टल पर उपलब्ध है।
भर्ती प्रक्रिया फरवरी और मार्च 2025 में आयोजित प्रारंभिक परीक्षाओं और अप्रैल 2025 में आयोजित मुख्य परीक्षाओं के साथ शुरू हुई। उम्मीदवारों का चयन सख्त और पारदर्शी मूल्यांकन के पश्चात किया गया। यह भर्ती अभियान 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की रिक्तियों को भरने के लिए चलाया गया, जिससे यह उद्योग के महत्वपूर्ण भर्ती प्रयासों में एक अनोखी मिसाल बन गया है।
एसबीआई के चेयरमैन, श्री सीएस शेट्टी ने बताया कि “हमारी विभिन्न श्रेणियों में कुल भर्ती की संख्या लगभग 18,000 है, जिनमें से लगभग 13,500 लिपिक श्रेणी की भर्ती होगी, 3,000 परिवीक्षाधीन अधिकारी और स्थानीय अधिकारी होंगे। इस नए टैलेंट पूल के साथ हमारा लक्ष्य विकसित हो रही कार्यात्मक और तकनीकी आवश्यकताओं के साथ संरचित कौशल विकास कार्यक्रमों को लागू कर अपनी मानव संसाधन क्षमताओं को सशक्त करना है।”
2,36,000 से अधिक कर्मचारियों को रोजगार देने वाला भारतीय स्टेट बैंक सार्थक रोजगार सृजन तथा बैंकिंग पेशेवरों की अगली पीढ़ी के क्रमिक विकास हेतु प्रतिबद्ध है। इस भर्ती के माध्यम से एसबीआई ने अपनी ग्राहक सेवा क्षमताएँ बढ़ाने तथा ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने का लक्ष्य रखा है।
भारतीय स्टेट बैंक के बारे में:
एसेट्स, डिपॉजिट, ब्रांच, कस्टमर और कर्मचारियों के मामले में भारतीय स्टेट बैंक सबसे बड़ा कमर्शियल बैंक है। यह देश के सबसे बड़े मॉर्गेज लेंडर्स में से एक है, जिसने अब तक करीब 30 लाख भारतीय परिवारों के घर खरीदने के सपने को साकार किया है। बैंक का होम लोन पोर्टफोलियो ₹ 8.3 लाख करोड़ को पार कर गया है। मार्च 2025 को बैंक का डिपॉजिट बेस ₹ 53.82 लाख करोड़ रहा है। बैंक का कासा अनुपात 39.97% और एडवांस ₹ 42.20 लाख करोड़ से अधिक है। न्यूज़वीक द्वारा दुनिया के चौथे सबसे भरोसेमंद बैंक के रूप में रैंक किए गए एसबीआई की होम लोन और ऑटो लोन में बाजार हिस्सेदारी क्रमशः 27.3% और 20.2% है। एसबीआई के पास भारत में 22,937 शाखाओं और 63,791 एटीएम/एडीडबल्यूएम का सबसे बड़ा नेटवर्क है, जिसमें 77,000 से ज़्यादा बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट आउटलेट हैं। इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग करने वाले ग्राहकों की संख्या 13.9 करोड़ है। एसबीआई की डिजिटल रणनीति सही दिशा में आगे बढ़ने के कारण बैंक ने वित्त वर्ष 25 में एकीकृत डिजिटल और लाइफस्टाइल प्लेटफॉर्म योनो के माध्यम से 64% नए बचत खाते खोले। योनो के 8.77 करोड़ से अधिक पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं और वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में इसके 24.1 लाख नए रजिस्ट्रेशन हुए। डिजिटल लोन के संदर्भ में, बैंक ने वित्त वर्ष 25 के दौरान योनो के माध्यम से ₹6,375 करोड़ के प्री-अप्रूव्ड पर्सनल लोन वितरित किए। 31 मार्च 2025 तक, एसबीआई के फेसबुक पर 19 मिलियन, इंस्टाग्राम पर 3 मिलियन, एक्स पर 4.8 मिलियन और यूट्यूब पर 5.71 मिलियन फॉलोवर हैं। भारतीय स्टेट बैंक फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर विश्व स्तर पर सबसे अधिक फॉलो किया जाने वाला बैंक है।


