
भीम नगर वासियों का मंत्री चंद्रकांत पाटील के कार्यालय पर बिरहाड़ मोर्चा
पुणे डीएस तोमर
पुणे के एरंडवना स्थित शिला विहार कॉलोनी के भीम नगर वासियों को पुनर्वसन में बिल्डर द्वारा धोखा दिया गया है। इसी अन्याय के खिलाफ और न्याय की मांग को लेकर स्थानीय विधायक व राज्य के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील के कार्यालय पर शनिवार को भीम नगर वासियों ने बिरहाड़ मोर्चा निकाला।
इस मोर्चे का नेतृत्व रिपब्लिकन युवा मोर्चा के राहुल डंबाळे ने किया। उनके साथ देविदास ओव्हाळ, जावेद शेख, हरी बागडे, सुनिल डमरे, दादू गायकवाड, सुदाम शिंदे, उमा साठे, स्नेहल गायकवाड, रेश्मा पल्ला, रईसा शेख, निशिकांत पोळ, प्रतीक डंबाळे, प्रभू सुनगर, सिकंदर मुलाणी सहित कई स्थानीय निवासी शामिल हुए।
भीम नगर की 216 परिवारों के पुनर्वसन के लिए झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (SRA) के तहत भक्ति एंटरप्राइजेस नामक बिल्डर ने फर्जी प्रस्ताव दाखिल किया है। इस मामले में बिल्डर समेत 20 लोगों के खिलाफ कोथरूड पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोप है कि बिल्डर ने असली निवासियों की जगह बाहरी फर्जी लाभार्थी दिखाकर, भीम नगर से लगभग 9 किलोमीटर दूर जबरन पुनर्वसन की योजना बनाई है। इसी अन्याय के खिलाफ भीम नगर के झोपड़पट्टी धारक संघर्ष कर रहे हैं।
राहुल डंबाळे ने कहा कि SRA के नाम पर झोपड़पट्टी वासियों के साथ हो रही धोखाधड़ी का भीम नगर सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने मांग की कि जबरन पुनर्वसन रद्द कर, निवासियों को वहीं रहने दिया जाए और सरकार से हरसंभव सहयोग की अपील की। मंत्री चंद्रकांत पाटील की अनुपस्थिति में उनका निवेदन उनके निजी सहायक राहुल देशपांडे को सौंपा गया।


