
दिव्यांग शिविर में दिव्यांगजनों का हो रहा है चिन्हांकन
रीवा एमपी : जिले में आयोजित किये जा रहे दिव्यांग शिविरों में दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक व कृत्रिम उपकरण वितरित किये जाने हेतु चिन्हांकन किया जा रहा है। कलेक्टर मनोज पुष्प के निर्देशन में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा भारतीय रेडक्रास सोसायटी के तत्वाधान में जनपद स्तर पर आयोजित शिविरों में दिव्यांगजनों का पंजीयन किया जा रहा है साथ ही आवश्यक उपकरण भी वितरित किये जा रहे हैं।
संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने बताया कि त्योंथर में आयोजित दिव्यांग शिविर में 126 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया जिनमें 112 हितग्राहियों को उपकरण व सहायक उपकरण, 6 हितग्राहियों को कृत्रिम अंग तथा 8 हितग्राहियों को कैलीपर्स हेतु चिन्हांकित किया गया। इसी प्रकार सिरमौर में आयोजित शिविर में 44 अस्थिबाधित, 4 नेत्र बाधित, 6 मानसिक बाधित दिव्यांग तथा 15 श्रवण बाधित हितग्राहियों को चिन्हाकित कर उपकरण प्रदाय किये जाने हेतु टोकन प्रदान किये गये। उल्लेखनीय है कि चिन्हाकित दिव्यांगजनों को आगामी अप्रैल माह में कृत्रिम उपकरण एवं सहायक उपकरण व अन्य सामग्रियां नि:शुल्क उपलब्ध कराई जायेंगी।

