
रैन बसेरे का निरीक्षण, जरूरतमंदों को बांटे कंबल
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
इटावा: नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण पालिकाध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार और अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज ने किया। इस दौरान ठंड से परेशान लोगों को कंबल वितरित किए गए और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
रैन बसेरे में यात्रियों और जरूरतमंदों के लिए निशुल्क विश्राम की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने रैन बसेरे में साफ-सफाई, शौचालय, स्नानगृह, गद्दे, चादर, तकिया, कंबल और प्रकाश व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले यात्रियों और जरूरतमंद लोगों के लिए यह व्यवस्था की गई है ताकि ठंड के मौसम में वे सुरक्षित औरआरामदायक रात्रि व्यतीत कर सकें।
नगरपालिकाध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने कहा कि रैन बसेरा जरूरतमंद लोगों के लिए एक सहारा है। यहां उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल से ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों को राहत मिली है। कंबल वितरण और अलाव व्यवस्था से गरीब और बेघर लोगों ने पालिका के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पालिका के वरिष्ठ लिपिक अरविंद शर्मा, नवनीत शाक्य, लाल कुमार यादव, और सफाई नायक रामसिया भी उपस्थित थे.